Table of Contents
द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति

राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाली द्रौपदी मुर्मू का झारखंड से गहरा नाता है। झारखंड झूम रहा है। भाजपा कार्यालय का नजारा देखते बन रहा है।
रांची, जश्न

भारतीय इतिहास का आज गौरवशाली क्षण है। पहली बार कोई आदिवासी महिला इस देश की राष्ट्रपति चुनी गई हैं। झारखंड से गहरा नाता रखने वाली द्रौपदी मुर्मू भले ही ओडिशा की रहने वाली हैं, लेकिन उनके रगों में झारखंडी खून बहता है। यही वजह है कि आज उनके राष्ट्रपति बनने पर समूचा झारखंड खुश नजर आ रहा है। राजधानी रांची स्थित भाजपा मुख्यालय में तो जमकर ढोल नगाड़े बज रहे हैं। रंग और गुलाल उड़ रहे हैं। सावन में यहां रंगीन नजारा दिख रहा है।
जनजातीय समाज का गौरव और सम्मान : बाबूलाल मरांडी

भाजपा विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि आज द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचन आजाद भारत के इतिहास के लिए स्वर्णमयी क्षण है। एक जनजातीय समाज की महिला के लिए ये गौरव देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो पाया है। जनजातीय समाज उनका आभार व्यक्त करती है। द्रौपदी मुर्मू की यह ऐतिहासिक जीत सम्पूर्ण भारतीयों की जीत है। यह जीत समस्त महिला शक्ति और जनजातीय समाज का गौरव और सम्मान है। आज का दिन भारतीय इतिहास के सुनहरे अक्षरों में अंकित होगा।
ऐतिहासिक जीत के लिए द्रौपदी मुर्मू को बधाई : दीपक प्रकाश

उधर, झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को अप्रत्याशित जीत के लिए बहुत बहुत बधाई। यह जीत आदिवासी समाज और महिलाओं का सम्मान है।
राष्ट्र के प्रतिष्ठित पद को करेंगी गौरवान्वित : भानु प्रताप शाही

भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई। कहा, निश्चित ही आप अपने अनुभव एवं कार्य कुशलता से राष्ट्र के प्रतिष्ठित पद को गौरवान्वित करेंगी और राष्ट्र के उत्थान में अपना योगदान देंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाकर उनको दी बधाई

NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीत गईं हैं। इसके साथ ही वह देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। उनकी जीत की घोषणा के साथ ही ओडिशा से लेकर दिल्ली तक जश्न मनाया जा रहा है। उनकी जीत पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने उनको बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाकर उनको बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू के भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी। उन्होंने तीसरे चरण की मतगणना के बाद राष्ट्रपति चुनाव में विजेता बन कर उभरने के लिए 50 प्रतिशत के आंकड़े को पार किया।
झारखंड का उल्लास आज देखने लायक है : अन्नपूर्णा देवी

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के गौरवमयी इतिहास में आज एक सुनहरा पन्ना जुड़ रहा है। अत्यंत साधारण जनजातीय पृष्ठभूमि की एक संघर्षशील और लोकतांत्रिक मर्यादा के लिए प्रतिबद्ध महिला आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए प्रचंड बहुमत से निर्वाचित हुई हैं। झारखंड का उल्लास इस समय देखने लायक है।
अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो इसे शेयर करना न भूलें।